भारी बारिश और आंधी-तूफान के कारण दिल्ली एयरपोर्ट से 15 उड़ानों का रूट बदला

नई दिल्ली: देश की राजधानी में सोमवार को भारी बारिश और आंधी-तूफान के कारण दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट जाने वाली 15 उड़ानों का रास्ता बदलना पड़ा। 15 में से 12 फ़्लाइट्स को जयपुर डायवर्ट किया गया, जबकि दो को चंडीगढ़ और एक को लखनऊ भेजा गया। जयपुर डायवर्ट की गई 12 फ़्लाइट्स में से तीन इंटरनेशनल फ़्लाइट्स थीं।

बारिश को लेकर रेड अलर्ट

राष्ट्रीय राजधानी के कुछ हिस्सों के लिए बहुत भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया, जबकि दिल्ली के अन्य ज़िलों के लिए हल्की से मध्यम बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया।  साउथ-ईस्ट दिल्ली, पूर्वी दिल्ली, शाहदरा, मध्य दिल्ली, उत्तर-पूर्व दिल्ली, दक्षिण दिल्ली, नई दिल्ली,  दक्षिण-पश्चिम दिल्ली, पश्चिमी दिल्ली, उत्तर-पश्चिम दिल्ली और उत्तरी दिल्ली में दिन की शुरुआत में भारी बारिश हुई। भारी बारिश के कारण शहर भर में जलजमाव और ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई।

IMD का बारिश का अनुमान

राजधानी में सोमवार को कई बार बारिश होने की संभावना है। हालांकि, मंगलवार से मौसम के काफी हद तक शुष्क रहने की उम्मीद है। मौसम विभाग ने सप्ताह के बाकी दिनों में बहुत कम या बिल्कुल बारिश न होने का अनुमान लगाया है। बुधवार को दोपहर से पहले कुछ जगहों पर बहुत हल्की सी बारिश होने की उम्मीद है।

आसमान में रहेंगे बादल

मौसम विभाग ने कहा है कि गुरुवार से रविवार तक बारिश की कोई उम्मीद नहीं है और आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने गाज़ियाबाद के लिए येलो अलर्ट और नोएडा, गुरुग्राम और फ़रीदाबाद के लिए कम से कम सोमवार दोपहर 2 बजे तक ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © 2026 Priya Darshini ki lalkarnews. Developed by Tanmayisfot