नई दिल्लीः ईरान पर अमेरिका की नई और कड़ी आर्थिक कार्रवाई के ऐलान से पहले सोमवार को कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट देखने को मिली। निवेशकों ने पिछले सप्ताह की तेजी के बाद मुनाफावसूली की और अब बाजार की नजर अमेरिकी प्रतिबंधों के नए पैकेज पर है।
Brent और WTI में गिरावट
सोमवार के शुरुआती कारोबार में ब्रेंट क्रूड करीब 1.3% गिरकर 93.16 डॉलर प्रति बैरल के आसपास आ गया। वहीं अमेरिकी WTI क्रूड करीब 1.6% फिसलकर 85.70 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। इससे पहले दोनों बेंचमार्क पिछले सप्ताह 5% से ज्यादा चढ़े थे।
बाजार में गिरावट की एक वजह निवेशकों की मुनाफावसूली है, जबकि दूसरी बड़ी वजह अमेरिका की ओर से ईरान पर लगाए जाने वाले नए प्रतिबंधों को लेकर बनी अनिश्चितता है।
आज अमेरिकी प्रतिबंधों पर बड़ा ऐलान
अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट सोमवार को ईरान के खिलाफ नए प्रतिबंधों की जानकारी देने वाले हैं। बेसेंट ने इसे ईरान के खिलाफ इतिहास की सबसे कड़ी आर्थिक कार्रवाई बताया है। अमेरिका का लक्ष्य ईरान के आर्थिक और वित्तीय संबंधों पर दबाव बढ़ाना है।
